राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी), अजमेर की ओर से प्राध्यापक, प्राध्यापक (कृषि) एवं कोच प्रतियोगी परीक्षा-2025 (माध्यमिक शिक्षा विभाग) 31 मई से 5 जून तक होगी।
झुंझुनूं जिले में कुल 41 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 56 हजार 736 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
परीक्षा समन्वयक एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर अजय कुमार आर्य ने बताया कि परीक्षा लगातार छह दिनों तक दो पारियों में चलेगी। निष्पक्ष परीक्षा कराने के लिए जिले में 1,979 वीक्षक, 13 उप समन्वयक, 105 पर्यवेक्षक और 7 सतर्कता दल (उड़नदस्ते) तैनात किए गए हैं।
सभी अधिकारियों को आयोग की गाइडलाइन का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि झुंझुनूं 41 एग्जाम सेंटर, झुंझुनूं मुख्यालय पर 16 केंद्र, चिड़ावा में 13 केंद्र, बगड़ में 6 केंद्र और नवलगढ़ में 6 केंद्र बनाए गए हैं।
एक घंटे पहले सेंटर पर पहुंचना जरूरी आयोग ने अभ्यर्थियों के लिए जरूरी नियम भी जारी किए हैं। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने के निर्धारित समय से कम से कम 60 मिनट (1 घंटा) पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। इसके बाद किसी भी स्थिति में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा जांच और पहचान सत्यापन में समय लगेगा, इसलिए परीक्षार्थी केंद्र पर जल्दी पहुंचें। परीक्षा केंद्र पर एंट्री के लिए अभ्यर्थियों को अपना मूल रंगीन आधार कार्ड साथ लाना होगा।
यदि आधार कार्ड पर फोटो पुरानी या धुंधली है, तो उसकी जगह ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट या वोटर आईडी कार्ड (मतदाता पहचान-पत्र) जैसे अन्य कोई भी सरकारी मूल पहचान-पत्र साथ लाएं, जिसमें आपकी नवीनतम और साफ फोटो हो। एडमिट कार्ड (प्रवेश पत्र) पर भी एक नई और साफ रंगीन फोटो चिपकी होनी चाहिए। बिना साफ फोटोयुक्त पहचान-पत्र के प्रवेश नहीं मिलेगा। इस बार परीक्षा में ओएमआर उत्तर पत्रक के पांचवें विकल्प (V) को भरने के लिए अभ्यर्थियों को 10 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।
गूगल मैप पर पूरी तरह निर्भर न रहें आयोग ने परीक्षार्थियों को सलाह दी है कि वे अपने परीक्षा केंद्र का रास्ता ढूंढने के लिए केवल गूगल मैप के भरोसे न रहें। कई बार तकनीकी खराबी के कारण लोकेशन गलत या अस्पष्ट हो सकती है। इसलिए परीक्षा से एक दिन पहले ही अपने एडमिट कार्ड पर लिखे पते को अच्छी तरह जांच लें और केंद्र की सही स्थिति का पता लगा लें ताकि परीक्षा के दिन देरी न हो।




Leave a Reply