चूरू में भीषण गर्मी का दौर जारी है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ। दिनभर चली लू और उमस ने लोगों को काफी परेशान किया।
मंगलवार सुबह 8:30 बजे तापमान 27 डिग्री सेल्सियस था, जो दिन चढ़ने के साथ लगातार बढ़ता गया। सुबह 11:30 बजे यह 40.2 डिग्री, दोपहर 2:30 बजे 44 डिग्री और शाम 5:30 बजे 44.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। भीषण गर्मी के कारण दोपहर के समय शहर की मुख्य सड़कें सूनी रहीं और बाजारों में आवाजाही बेहद कम देखी गई।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में हीटवेव और उष्ण रात्रि का यह दौर अगले 2-3 दिनों तक जारी रहने की संभावना है। इस अवधि में अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है। बीकानेर, कोटा संभाग और शेखावाटी क्षेत्र में कुछ जगहों पर तापमान 46-47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका है।
एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 28 मई से राज्य के कुछ हिस्सों में आंधी और बारिश की गतिविधियां शुरू होने की प्रबल संभावना है। 30 मई से इन गतिविधियों में और वृद्धि होने तथा जून के पहले सप्ताह में भी कुछ भागों में आंधी-बारिश जारी रहने का अनुमान है। इन मौसमी बदलावों के कारण 29 मई से तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
गर्मी और हीटवेव से राहत पाने के लिए लोग ठंडे पेय पदार्थों, आइसक्रीम और जूस का सेवन कर रहे हैं।



Leave a Reply