चूरू में 45 डिग्री के पास पहुंचा तापमान:भीषण गर्मी में गर्म हवाओं ने बढ़ाई मुश्किलें, दोपहर में बाजार-सड़कें रही सूनीं

चूरू में 45 डिग्री के पास पहुंचा तापमान:भीषण गर्मी में गर्म हवाओं ने बढ़ाई मुश्किलें, दोपहर में बाजार-सड़कें रही सूनीं

चूरू में भीषण गर्मी का दौर जारी है। सोमवार को दोपहर ढाई बजे तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं के थपेड़ों ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। घरों और कार्यालयों में पंखे और कूलर भी बेअसर साबित हो रहे हैं।

तापमान 45 डिग्री के करीब पहुंचने के कारण सड़कों पर आवाजाही कम रही। शहर के व्यस्त रहने वाले बाजार भी दोपहर के समय सूने नजर आए। लोग केवल आवश्यक कार्यों के लिए ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।

ठंडे पेय पदार्थों का लिया सहारा भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए लोग नींबू पानी, जूस, आइसक्रीम और अन्य ठंडे पेय पदार्थों का सहारा ले रहे हैं। शहर में जगह-जगह ठंडे पदार्थों की दुकानों पर काफी भीड़ देखने को मिल रही है। दुकानदारों के अनुसार, गर्मी बढ़ने से इन पेय पदार्थों की बिक्री में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। रविवार की तुलना में सोमवार को चूरू में तापमान अधिक रहा।

दोपहर में बाहर नहीं निकलने की सलाह प्रचंड गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने आमजन से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की हिदायत दी है। जिला प्रशासन ने चिकित्सा विभाग, जलदाय विभाग और बिजली विभाग को गर्मी के मौसम के मद्देनजर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं।

 

डीबी अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. मो. आरिफ ने आमजन से गर्मी और धूप से बचने की अपील की है। उन्होंने सलाह दी है कि लोग अधिक से अधिक पानी पिएं, हल्के कपड़े पहनें और नींबू पानी, छाछ, लस्सी आदि का सेवन करें।

खबरें और भी हैं…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *