चूरू:7 साल बाद चौथी बार अध्यक्ष बने राठौड़, 137 वोट से जीते

चूरू:7 साल बाद चौथी बार अध्यक्ष बने राठौड़, 137 वोट से जीते

चूरू जिला अभिभाषक संघ (बार) के शुक्रवार को हुए चुनाव के तहत अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान हुआ। 557 एडवोकेट मतदाताओं में से 494 ने वोट डाले। अध्यक्ष पद पर महेश प्रताप सिंह राठौड़ सात साल बाद चौथी बार अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए। इससे पहले वे वर्ष 2008, वर्ष 2017 व वर्ष 2018 में अध्यक्ष पर निर्वाचित हुए थे। उन्होंने प्रतिद्वंदी प्रत्याशी नरेंद्र सिहाग को 137 मतों से हराया।

बार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एडवोकेट संतोष सैनी ने बताया कि अध्यक्ष पद को लेकर महेश प्रताप सिंह राठौड़ को 311 मत व नरेंद्र सिहाग को 174 मत मिले। नौ मत रिजेक्ट हो गए। इसी तरह उपाध्यक्ष पद के लिए सुरेश आर्य को 348 मत व दिलीप सैनी को 138 मत मिले। आठ मत रिजेक्ट हो गए। आर्य ने 210 मतों से जीत हासिल की। सहायक निर्वाचन अधिकारी गजेंद्र खत्री ने बताया कि बार के पंजीकृत 482 व बार कौंसिल से ऑनलाइन रिन्यूवल करवाने वाले 97 कुल 557 वकील मतदाता थे।

सह निर्वाचक अधिकारी नवीन प्रजापत ने बताया कि आमिर खान को सचिव, जमील खान को महासचिव, विकास तंवर को कोषाध्यक्ष व बलराज मीणा को पुस्तकालय अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। नव निर्वाचित अध्यक्ष महेश प्रताप सिंह राठौड़ ने बताया कि नए वकीलों के बैठने की उचित व्यवस्था और सुविधाओं में बढ़ोत्तरी उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। इसके साथ ही नव निर्मित कोर्ट भवन के जल्द निर्माण, एडवोकेट चैंबर निर्माण आदि के प्रयास किए जाएंगे।

खबरें और भी हैं…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *