पालास स्टैंड के पास सड़क हादसा, एक गंभीर घायल, चूरू रेफर

पालास स्टैंड के पास सड़क हादसा, एक गंभीर घायल, चूरू रेफर

रामगढ़ शेखावाटी। कस्बे के निकटवर्ती ग्राम पालास स्टैंड के पास हुए एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद चूरू रेफर किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दीपक सैनी अपनी पिकअप गाड़ी लेकर ढांढण से रामगढ़ की ओर आ रहे थे। इसी दौरान पालास स्टैंड के पास सड़क पर एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा हुआ था, जिसके आसपास कुछ लोग मौजूद थे, लेकिन कोई भी उसे अस्पताल पहुंचाने की हिम्मत नहीं कर रहा था।

ऐसे समय में दीपक सैनी ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत 108 एंबुलेंस और अस्पताल में फोन किया। एंबुलेंस के समय पर नहीं पहुंचने पर उन्होंने समय गंवाए बिना अपनी पिकअप गाड़ी में, जगह कम होने के बावजूद, घायल को लेकर सीधे रामगढ़ शेखावाटी के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

दीपक सैनी द्वारा पूर्व सूचना दिए जाने के कारण अस्पताल में डॉक्टरों की टीम पहले से ही तैयार थी। चिकित्सकों ने घायल को प्राथमिक उपचार दिया। सिर और मुंह पर गंभीर चोटें होने के चलते हालत को देखते हुए उसे चूरू रेफर कर दिया गया।

घायल की पहचान ग्राम पालास निवासी रघुवीर बावरिया के रूप में हुई है। वह किसी वाहन पर सवार था या पैदल चल रहा था, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी नहीं मिल पाई है। दुर्घटना किस प्रकार हुई, इस बारे में भी घायल कुछ बता पाने की स्थिति में नहीं था।

घायल के पास उसका मोबाइल फोन मौजूद था, जिसके माध्यम से उसके भाई को सूचना दे दी गई और चूरू पहुंचने के लिए कहा गया। बाद में 108 एंबुलेंस के जरिए घायल को चूरू ले जाया गया।

 

इस पूरे घटनाक्रम में दीपक सैनी द्वारा दिखाई गई तत्परता और मानवीय पहल की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

खबरें और भी हैं…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *